भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों न्यूजीलैंड के दौरे पर है। टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में क्लीनस्वीप किया और अब बुधवार (5 फरवरी) से तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है। वनडे इंटरनेशनल सीरीज से रोहित शर्मा चोट के चलते बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह टीम में मयंक अग्रवाल को शामिल किया गया है। कप्तान विराट कोहली ने बताया कि वनडे सीरीज में कौन पारी का आगाज करेगा। शिखर धवन पहले ही चोट के चलते इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं और रोहित के बाहर होने के बाद दोनों स्पेशलिस्ट सलामी बल्लेबाज इस सीरीज में पारी का आगाज नहीं कर सकेंगे। विराट ने कहा कि शिखर की जगह टीम में शामिल किए गए पृथ्वी शॉ ही प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे और पारी का आगाज करेंगे।
कोहली ने यह भी कहा कि शानदार फॉर्म में चल रहे लोकेश राहुल मध्यक्रम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सम्भालेंगे। कोहली ने कहा, 'रोहित का वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होना दुभार्ग्यपूर्ण है। वनडे में पृथ्वी शॉ पारी की शुरुआत करेंगे जबकि लोकेश राहुल को मध्य क्रम में बल्लेबाजी करनी होगी। हम चाहते हैं कि वो विकेटकीपिंग के साथ-साथ मध्यक्रम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सम्भालें।' तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद भारत को दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है।
टेस्ट सीरीज के लिए मंगलवार को टीम की घोषणा की गई। पिंडली की चोट के कारण रोहित टेस्ट सीरीज का भी हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह पृथ्वी शॉ को टीम में जगह मिली है। रोहित को न्यूजीलैंड के साथ हुए पांचवें टी-20 मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। इसके कारण वो टेस्ट और वनडे टीम से बाहर हो गए हैं। रोहित की जगह पर मयंक अग्रवाल को वनडे टीम में जगह मिली है। मयंक टेस्ट टीम का भी हिस्सा हैं।
इस टीम में तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को भी जगह मिली है, लेकिन उनका खेलना या ना खेलना फिटनेस पर निर्भर करता है। ईशांत को दिल्ली में रणजी मैच के दौरान चोट लगी थी। टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को भी जगह मिली है। इसी तरह न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ शानदार दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज शुभमन गिल को भी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

No comments:
Post a Comment