सीरीज के चौथे मैच में टीम इंडिया पर स्लो ओवररेट के लिए मैच फीस का 40 फीसदी जुर्माना लगाया गया था, जबकि पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया पर मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों न्यूजीलैंड के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खत्म हो चुकी है, जिसमें भारत ने 5-0 से क्लीनस्वीप किया। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया के जश्न में एक खलल पड़ी है। लगातार दूसरे मैच में टीम इंडिया पर स्लो ओवररेट के चलते जुर्माना लगाया गया है। सीरीज के चौथे मैच में टीम इंडिया पर स्लो ओवररेट के लिए मैच फीस का 40 फीसदी जुर्माना लगाया गया था, जबकि पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया पर मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया।
भारत निर्धारित समय से एक ओवर पीछे रह गया था जिसके कारण उस पर 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। इस सीरीज में ये दूसरा मौका है जब टीम इंडिया पर स्लो ओवर रेट को लेकर जुर्माना लगाया गया। इससे पहले वेलिंगटन टी-20 मैच के बाद भी भारतीय टीम पर जुर्माना लगाया गया था। मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने स्लो ओवर रेट को लेकर आईसीसी आचार संहिता की धारा 2.22 के तहत जुर्माना लगाया, जिसके मुताबिक हर स्लो ओवर रेट पर मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया जाता है। मैदानी अंपायर क्रिस ब्राउन और शॉन हैग और तीसरे अंपायर एश्ले महरोत्रा ने टीम इंडिया पर यह जुर्माना लगाया।
कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में कप्तानी संभाल रहे रोहित शर्मा ने इसको मंजूर किया है, जिसके कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। चौथे मैच में जब भारतीय टीम पर जुर्माना लगा था तो ये पिछले लगभग छह सालों में पहला मौका था जब भारत पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगाया गया था, लेकिन टीम इंडिया को अब लगातार दूसरे मैच में ये झेलना पड़ा। चौथे मैच से पहले तक भारतीय टीम पर उसके 264 मैचों में इस तरह का कोई जुर्माना नहीं लगा था। चौथे मैच में जो जुर्माना लगा था वो नियमित कप्तान विराट कोहली की कप्तानी में स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माने का पहला मामला था।

No comments:
Post a Comment